हरियाणवी जोड़े की US से TV पर शादी: लड़का सोनीपत और लड़की करनाल की; बारात गई मगर न दूल्हा गया और न दुल्हन आई

सोनीपतएक घंटा पहले
हरियाणा में सोनीपत के अमित और करनाल की आशु सात समुद्र पार विवाह के बंधन में बंध गए हैं। दोनों की शादी बड़ी अनोखी रही, जिसकी खूब चर्चा है। शादी में हरियाणवी रीति रिवाज से सारी रस्में निभाई गई। सोनीपत से करनाल बारात भी गई, लेकिन न तो उसमें दूल्हा था और बारात के साथ न ही दुल्हन ससुराल पहुंची। लड़का-लड़की जहां यूएसए (अमेरिका) में शादी कर रहे थे, वहीं दोनों परिवार शादी की रस्में सात समुद्र पार यहां अपने घर पर पूरी कर रहे थे। लड़के के टीके से लेकर आशीर्वाद तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन हुई। बाराती पूरी आवभगत के बाद शाम को घर लौट रहे।
दोनों की अमेरिका में कंपनी
सोनीपत के गांव सांदल खुर्द निवासी अमित लाकड़ा ने वर्ष 2014 में मलेशिया की मर्चेंट नेवी में नौकरी की शुरुआत की। इसके बाद उसने कई देशों में नौकरी की। वर्ष 2017 में उसने USA में अपनी ट्रैकिंग कंपनी बना ली। वहीं पर अमित की मुलाकात करनाल के सेक्टर 12 निवासी आशु के के साथ हुई। दोनों के विचार मिले ओर एक दूसरे के इतने करीब आस गए कि 19 मार्च को शादी के बंधन में बंध गए। आशु भी यूएस में अपनी कंपनी चला रही है।

बैंक्वेट हाल में हुआ प्रोग्राम
दोनों के परिजन भी शादी के लिए तैयार हो गए। 19 मार्च को दोनों की शादी फिक्स की गई। किसी कारण से दूल्हा और दुल्हन इंडिया में अपने घर पर नहीं आ पाए तो, फैसला हुआ कि शादी की सारी रस्में ऑनलाइन होंगी। इसके लिए हाई स्पीड इंटरनेट और टीवी स्क्रीन की व्यवस्था की गई। पहले अमित के परिजनों ने सोनीपत में एक निजी बैंक्वेट हॉल में टीका और सगाई का कार्यक्रम रखा। बाद में बारात करनाल पहुंची। जहां आशु के परिजनों ने जोरदार स्वागत किया।

सभी रस्में ऑनलाइन निभाई
दोनों की शादी की सारी रस्में ऑनलाइन निभाई गई। लड़की के पिता की ओर से टीका भी टीवी के स्क्रीन पर किया गया। सात समुद्र पार से लड़का लड़की ऑनलाइन थे, इधर दोनों के परिवार भी शादी की पूरी रस्में ऑनलाइन निभा रहे थे।स्क्रीन के माध्यम से ही अंगूठी व अन्य रीति रिवाज की रस्म लड़का परिवार की तरफ से भी की गई।

अमेरिका में फेरे लेते हुए।
रिश्तेदारों ने की हल्दी की रस्म
दुल्हन आशु के परिवार के कुछ रिश्तेदार भी यूएसए में रहते हैं। उन्होंने वहीं दूल्हा अमित को हल्दी प्रक्रिया से लेकर फेरों की प्रक्रिया परंपरागत रीति रिवाज के साथ पूरी कराई। वहीं दोनों ने अग्नि को साक्षी मान कर सात फेरे लिए। ऑनलाइन स्क्रीन के माध्यम से ही रिश्तेदारों और दूल्हा दुल्हन के परिजनों आशीर्वाद दिया।

यूएस में चल रही शादी की रस्में।
बिना दुल्हन लौटी बारात
अनोखी शादी को लेकर सोनीपत के सांदल गांव में अमित का परिवार भी बेहद खुश है। घर मे शादी को लेकर पूरी खुशी मनाई गई। पहली बार ऐसा हुआ है कि दूल्हे के बिना ही बारात गई और बिना दुल्हन के ही बारात घर लौट आई।लेकिन दोनों परिवार के लोगों ने खुशी जताई कि उनके बच्चे विदेशी जमीन पर भी संस्कार संजोए हुए हैं। पश्चिमी सभ्यता में रहने के बावजूद भी माटी के परंपरागत रीति रिवाज को जीवंत रखा है।

अमित की मां गुड्डी। पिता देवी सिंह लाकड़ा की मौत हो चुकी है।
मां बोली- सब अच्छे से निपटा
अमित की मां गुड्डी ने कहा कि बेटा अमेरिका में रहता है, वहीं करनाल की लड़की रहती है। अमित के ताऊ का लड़का व बहन भी वहीं रहती है। उन्होंने कुछ रस्में वहां पूरी की। हमने तो यहां लड़की को अंगूठी भी टीवी स्क्रीन के आगे भेंट की है। परिवार खुश है। सब कुछ अच्छे से निपटा है।
Source link